एसआरके पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर छात्रों को दिलाई गई मतदान की शपथ, निकली सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली
फिरोजाबाद।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एस.आर.के. (पी.जी.) कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त इकाई द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर रवि माहेश्वरी ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए मतदाता शपथ दिलाई और कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती हर एक वोट पर निर्भर करती है। सही और योग्य प्रतिनिधि का चुनाव करने का अवसर हमें मतदान के माध्यम से मिलता है, इसलिए सभी को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। प्राचार्य के नेतृत्व एवं कार्यक्रम अधिकारी बृजेंद्र मिश्रा और रितु शर्मा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” और “हेलमेट लगाओ – जीवन बचाओ” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।