पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
फिरोजाबाद।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को जनपद फिरोजाबाद में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मोहन लाल गुप्ता ने की। आयोजन में जिला आपदा विशेषज्ञ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ब्लैक आउट मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए जनपद के विभिन्न विभागों ने सक्रिय सहभागिता की। इनमें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम, आपदा मित्र, नागरिक सुरक्षा विभाग, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र तथा अन्य स्वयंसेवी संगठन शामिल रहे। इस दौरान आम नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर ब्लैक आउट की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। विद्युत आपूर्ति नियंत्रित की गई तथा नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग से बचाव, प्राथमिक चिकित्सा एवं आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने के उपकरणों का लाइव प्रदर्शन किया गया, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।
अपर जिलाधिकारी श्री मोहन लाल गुप्ता ने कहा कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आपात परिस्थितियों के प्रति सजग बनाना तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *