पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद, 22 जनवरी 2026
जनपद फिरोजाबाद में आज राष्ट्रीय खुरपका एवं मुँहपका (FMD) टीकाकरण अभियान के सातवें चरण का शुभारम्भ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने विकास भवन डबरई, फिरोजाबाद से हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत कराई।
यह टीकाकरण अभियान दिनांक 22 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पशुपालकों के द्वार पर पहुंचकर गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुओं को खुरपका एवं मुँहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना है।
जनपद के समस्त ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। जिन पशुओं में अभी तक टैग नहीं लगाए गए हैं, उन्हें टैग कर पंजीकरण भी किया जाएगा। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने पशुओं को स्वस्थ रखने हेतु समय से टीकाकरण अवश्य कराएं।
अभियान के सफल संचालन हेतु विकासखंडवार लगभग 25 टीमें गठित की गई हैं। इस चरण में जनपद के करीब 6 लाख 30 हजार पशु टीकाकरण से लाभान्वित होंगे।
इसी क्रम में आज दिनांक 22 जनवरी 2026 को वृहद गो-संरक्षण केंद्र सॉती, विकासखंड हाथवन्त में नव निर्मित गोशाला का शिलान्यास एवं लोकार्पण मा० मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास उत्तर प्रदेश सरकार श्री धर्मपाल सिंह जी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। नई गोशाला में लगभग 350 गोवंश को संरक्षित किए जाने की क्षमता होगी। सड़कों एवं खेतों में घूम रहे निराश्रित गोवंश को यहां सुरक्षित आश्रय मिलेगा, जिससे आमजन को होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।
जनपद में वर्तमान में कुल 68 गो-आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें अब तक 12,500 से अधिक गोवंश को संरक्षित किया जा चुका है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *