जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को तहसील जसराना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न पटलों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए राजस्व कार्यों की समीक्षा की। प्रशासनिक कार्यों में शिथिलता और वित्तीय लक्ष्यों की अपूर्णता पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण की शुरुआत में जिलाधिकारी ने प्रत्येक पटल पर जाकर राजस्व अभिलेख एवं पत्रावलियों की जांच की और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। ई-परवाना नवीस अनुभाग की समीक्षा के दौरान राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति पाए जाने पर उन्होंने गहरा असंतोष व्यक्त किया तथा संबंधित कार्मिकों को चेतावनी दी कि निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मत्स्य पालन आवंटन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रक्रिया और कार्य गुणवत्ता पर भी असंतोष जताया। इस संबंध में तहसील में कार्यरत रजिस्ट्रार-कानूनगो सुशील कुमार एवं नेत्रपाल सिंह को चार्जशीट दिए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी राजेश कुमार शुक्ला को तहसील में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अलग-अलग केबिन निर्माण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।