पिंक सिटी टाइम्स

दक्षिण थाना अब नए भवन में शिफ्ट, आधुनिक सुविधाओं के साथ शुरू हुआ पुलिस कार्य संचालन
फिरोजाबाद। जिले के थाना दक्षिण का नवनिर्मित भवन मंगलवार को विधिवत रूप से जनता को समर्पित किया गया। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे और एसएसपी सौरभ दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना दक्षिण का संपूर्ण पुलिस कार्य अब इसी आधुनिक भवन से संचालित होगा।
नए थाना भवन में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनसुविधाजनक बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भवन में मिशन शक्ति कार्यालय, शस्त्रागार, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित कक्ष, तथा आम नागरिकों के लिए अलग बैठक कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। भवन का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि पुलिस कार्यप्रणाली सुचारू रहे और फरियादियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उद्घाटन अवसर पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि नया भवन पुलिस व्यवस्था को अधिक मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में सहायक होगा। उन्होंने मिशन शक्ति कार्यालय को महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
डीआईजी शैलेश पांडे ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह थाना भवन कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने में पुलिस के लिए कारगर साबित होगा।
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि भवन का निर्माण सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप किया गया है, जिसमें जनता की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *