किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (भानू) ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
बिजली, खाद-बीज, सड़क और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
फिरोजाबाद। किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने जिले में व्याप्त अव्यवस्थाओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले की कृषि समितियों पर खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, जिससे किसानों को बुवाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, निर्धारित मानकों के अनुरूप बिजली आपूर्ति न मिलने से सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
किसानों ने लालपुर 21 बाई क्षेत्र में गलियों में जलभराव और कीचड़ की समस्या उठाई। इसके अलावा तहसील और मुख्यालय से समय पर नकल न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।
वार्ड संख्या 34 महादेव नगर में गली और बिजली व्यवस्था, एफएन कॉलेज से महादेव नगर तक सड़क मरम्मत, ब्लॉक हाथवन के ग्राम म्यौरी में खेतों में जलभराव, जाटऊ शिवनगर से जसरथ पानी गांव तक खराब सड़क की स्थिति को भी गंभीर समस्या बताया गया।
इसके साथ ही जहानाबाद बीरई (तहसील सिरसागंज) में न्यायालय के आदेशों के अनुपालन, शेखपुर चौराहा से लोकर मंडी चारशाहा तक सड़क निर्माण, सुपर पाइप रोड से नगला भीमरिया, न्यू बाईपास से कपावली तक सड़क निर्माण और अन्य ग्रामीण मार्गों की मरम्मत की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
भाकियू (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा। वहीं, जिला प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Oplus_16908288