सदर विधायक मनीष असीजा की पहल से सुहाग नगर में 1.37 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत
फिरोजाबाद। शहर के सुहाग नगर क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिली है। सदर विधायक मनीष असीजा के प्रयासों से सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में करीब 1 करोड़ 37 लाख 31 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। मंगलवार को हवन-पूजन के साथ भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की औपचारिक शुरुआत हुई।
प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने, नालियों के निर्माण और पुलिया निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इन विकास कार्यों से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं वर्षों से चली आ रही जलनिकासी की समस्या से भी स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने विकास कार्यों की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की और विधायक के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि क्षेत्र का संतुलित और सतत विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी इसी तरह जनहितकारी परियोजनाएं लगातार संचालित की जाएंगी।