श्री निर्भय सागर जैन पाठशालाओं की वार्षिक परीक्षा संपन्न, 750 बच्चों ने लिया भाग
फिरोजाबाद। नगर के जैन मंदिरों में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से संचालित श्री निर्भय सागर जैन पाठशालाओं की वार्षिक परीक्षा रविवार को कोटला चुंगी स्थित श्री रत्नत्रय दिगम्बर जैन मंदिर (नसिया जी) परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा में नगर की विभिन्न पाठशालाओं से लगभग 750 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा का आयोजन मुनि श्री अमित सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में किया गया। इससे पूर्व मुनि श्री ने बच्चों और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे उत्तम बीज से अच्छी फसल प्राप्त होती है, उसी प्रकार बच्चों में धार्मिक संस्कार डालने से उनका भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से पाठशाला भेजें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनोद जैन मिलेनियम, अरुण जैन पीली कोठी, इंद्र कुमार (LIC), ललितेश जैन रपरिया, अजय जैन बजाज, राज जैन एवं शैलेन्द्र जैन शैली उपस्थित रहे। अतिथियों का तिलक, दुपट्टा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन अजय जैन एडवोकेट ने किया।
मीडिया प्रभारी अजय जैन बजाज ने जानकारी दी कि आचार्य श्री निर्भय सागर जी महाराज की प्रेरणा से नगर में पिछले 15 वर्षों से धार्मिक पाठशालाओं का संचालन निरंतर किया जा रहा है, जिससे बच्चे धर्म शिक्षा और संस्कारों से जुड़ रहे हैं।
राज जैन ने बताया कि आगामी भगवान श्री आदिनाथ जयंती के अवसर पर परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
पाठशाला परिषद की शिक्षिकाओं सहित अमित जैन, अमन जैन, मुकेश जैन, पीयूष जैन एवं अनुराग जैन ने परीक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संपन्न कराया। परीक्षा के उपरांत बच्चों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई