फिरोजाबाद में वोटर लिस्ट का विशेष सत्यापन अभियान, संदिग्ध मतदाताओं को मिला एक और मौका
फिरोजाबाद,
फिरोजाबाद में जिला प्रशासन ने मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया है। उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पा रहा है, लेकिन उनका नाम वर्ष 2025 की मतदाता सूची में दर्ज है।
प्रशासन ने ऐसे सभी मतदाताओं को एक और अवसर दिया है। निर्धारित तिथि पर संबंधित मतदाता तहसील कार्यालय पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में सत्यापित करा सकते हैं।
उपजिलाधिकारी के अनुसार,
जो मतदाता 1 जुलाई 1987 से पूर्व जन्मे हैं, उन्हें जन्म प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
वहीं जिन मतदाताओं का जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच हुआ है, उन्हें अपना तथा माता-पिता का जन्म प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा।
जो मतदाता तहसील कार्यालय आने में असमर्थ हैं, वे भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा, अनपढ़ मतदाताओं की सहायता के लिए BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की व्यवस्था की गई है, जिनके माध्यम से दस्तावेज जमा कराकर नाम सत्यापित कराया जा सकता है।
प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से न छूटे और अपात्र नाम हटाए जा सकें।