पिंक सिटी टाइम्स

फतेहपुर: रॉयल पिज़्ज़ा हब में शॉर्ट सर्किट से आग, एक घंटे तक अफरा-तफरी, हजारों का नुकसान
फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में ललौली रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित रॉयल पिज़्ज़ा हब में बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिज़्ज़ा हब पिछले तीन दिनों से बंद था। सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं और जले तारों की तेज गंध उठती देखी, जिसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम और बिंदकी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान का ताला खोलने पर अंदर बिजली के जले हुए तार लटकते मिले। एलसीडी स्क्रीन पूरी तरह पिघलकर फर्श पर गिर चुकी थी। आग से दुकान के अंदर रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
एहतियातन पिज़्ज़ा हब के ऊपर रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि दुकान में रखे गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
धुआं पूरी तरह खत्म होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *