फिरोजाबाद: 162 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घरों के प्रमाण पत्र वितरित
फिरोजाबाद | 16 जनवरी | जिला सूचना कार्यालय
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से शुक्रवार को फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 162 पात्र लाभार्थियों को पक्के आवास के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जहां निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों और वंचित परिवारों को सुरक्षित छत का तोहफा सौंपा गया।
लाभार्थियों के खातों में योजना की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये की धनराशि पहले ही भेजी जा चुकी है। नींव भराई के बाद दूसरी किस्त शीघ्र ही जारी की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमपाल धनगर और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने मॉडल आवास का उद्घाटन किया। मॉडल आवास का उद्देश्य लाभार्थियों को कम लागत में मजबूत, सुंदर और सुविधायुक्त घर निर्माण की प्रेरणा देना बताया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमपाल धनगर ने कहा कि वर्तमान सरकार की योजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि अब बिचौलियों की व्यवस्था समाप्त हो चुकी है और लाभार्थियों को उनका अधिकार सीधे बैंक खातों में मिल रहा है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘हर गरीब के सिर पर छत’ का लक्ष्य तेजी से साकार हो रहा है। शासन और प्रशासन मिलकर अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहे हैं।
प्रमाण पत्र प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। आकलपुर दामोदरपुर निवासी विधवा आरती देवी ने कहा कि बरसात के दिनों में छप्पर गिरने का डर बना रहता था, लेकिन अब पक्का घर मिलने से जीवन सुरक्षित होगा। दिव्यांग लाभार्थी महावीर सिंह ने भी आवास मिलने पर आभार व्यक्त किया।
इसके अलावा आरती, हरीश प्रताप, भगवान देवी, सुमन, सचिन, पुष्पा देवी, दीनू, राधेश्याम और जूली देवी सहित अन्य लाभार्थियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, जसराना ब्लॉक प्रमुख संध्या लोधी, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, डीसी मनरेगा सुभाष चंद्र तथा खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार उपस्थित रहे।