फिरोजाबाद: घरों में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व जेवर बरामद
फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही घरों की चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आकाशवाणी तिराहे के पास से दो अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हसन पुत्र नदीम निवासी 30 फुटा रोड थाना रामगढ़, तथा विशाल पुत्र विजय कुमार उर्फ मुखिया निवासी गली सीताराम अछल्दा (जनपद औरैया) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से सफेद धातु की तोड़िया और बिछुए, नगद 4900 रुपये, पीतल के भगोने व उनके ढक्कन तथा चोरी में प्रयुक्त प्लास, पेचकस और सरिया बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़ा मामला
थाना रामगढ़ में 6 जनवरी 2026 को लालपुर मंडी निवासी मुशीर अहमद ने घर से जेवरात, पीतल के बर्तन और नकदी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं 13 जनवरी 2026 को आकाशवाणी रोड निवासी मुकीम ने भी घर का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इन दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
शातिर अपराधी, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अभियुक्त हसन पर पहले भी चोरी व माल रिसीविंग के मामले दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त विशाल पर लूट, अपहरण और पोक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज रह चुके हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, उपनिरीक्षक तरुण अहलावत, रोहित तोमर, आदित्य चौधरी, राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।