पिंक सिटी टाइम्स

Oplus_16908288

फिरोजाबाद के पसीना वाले हनुमान मंदिर का होगा कायाकल्प, एक करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण
फिरोजाबाद। जनपद स्थित प्रसिद्ध पसीना वाले हनुमान मंदिर के पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन विभाग ने एक करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य फिरोजाबाद को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
करीब 2000 वर्ष प्राचीन माने जाने वाले इस ऐतिहासिक मंदिर का समग्र विकास किया जाएगा। यमुना नदी के तट पर स्थित मंदिर परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्यटक सूचना केंद्र, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा और श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल बनाए जाएंगे।
पसीना वाले हनुमान मंदिर की विशेष पहचान यहां स्थित प्रतिमा से वर्षभर पसीना निकलने की मान्यता है। सर्दियों में भी प्रतिमा पर पसीने की बूंदें दिखाई देती हैं, जिसे श्रद्धालु चमत्कारी आस्था का प्रतीक मानते हैं। इसी कारण दूर-दूर से भक्त मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि लखनऊ और आगरा मार्ग से जुड़े होने के कारण फिरोजाबाद में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023 में 4.44 लाख पर्यटक आए थे, जो 2024 में बढ़कर 6.48 लाख हो गए। वहीं, 2025 के पहले छह महीनों में 4.06 लाख से अधिक पर्यटकों ने जिले का भ्रमण किया है। अनुमान है कि वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 7 लाख के पार पहुंच जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद अब केवल कांच नगरी तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक, ऐतिहासिक और ईको-टूरिज्म का उभरता केंद्र बन रहा है। जिले में जैन मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, माता टीला मंदिर, कोटला किला, चंदवार गेट और फिरोज शाह का मकबरा पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, रपड़ी ईको स्पॉट और रूरिया स्वरूपपुर जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थल जिले की पहचान को नई गति दे रहे हैं।
परियोजना के पूर्ण होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *