सार्वजनिक भूमि पर दबंगों का कब्जा, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
मैनपुरी। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर सामने आया है। गांव नगला जिला, मौजा औडण्य पड़रिया निवासी पीड़ित सौरभ सिंह चौहान ने दबंगों और भू-माफियाओं द्वारा सार्वजनिक भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की है।
जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे सौरभ सिंह चौहान ने शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि उनके गांव में भारी मात्रा में सार्वजनिक भूमि मौजूद है, जिस पर लगातार दबंग किस्म के लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही भूमि को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया तो सार्वजनिक संपत्ति पूरी तरह भू-माफियाओं के कब्जे में चली जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल जांच कर अवैध कब्जे हटवाने की मांग की है।
फिलहाल जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कर ली गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है।
बाइट – सौरभ सिंह चौहान (पीड़ित)
रिपोर्ट – मोहित गुप्ता, ब्यूरो चीफ मैनपुरी