पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त ऋषभ गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद जनपद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना रामगढ़ पुलिस टीम दो चोरी के मामलों (मु.अ.सं. 23/26 व 41/26) में फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। 5 और 9 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के बाद विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लालपुर मंडी के पास पटेल कारखाना के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो संदिग्ध ने खुद को घिरता देख अवैध तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ऋषभ पुत्र राजबहादुर, निवासी लहोखर, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर रामगढ़ क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया सामान और अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें—
02 बिछुए
02 तोड़िया
02 अंगूठी
₹2400 नकद
01 मोबाइल फोन
01 तमंचा (315 बोर)
01 जिंदा कारतूस व 02 खोखा कारतूस
01 लोहे की रॉड
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त ऋषभ के खिलाफ फिरोजाबाद और औरैया जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *