पिंक सिटी टाइम्स

पर्यावरण संतुलन के साथ होगा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास: मुख्यमंत्री योगी
NHAI की सड़क परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा, समयबद्ध कार्य और पारदर्शिता के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश में संचालित एवं प्रस्तावित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन यह विकास पर्यावरण की कीमत पर नहीं होगा। सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में वृक्षों का कटान केवल अपरिहार्य स्थिति में ही किया जाए। जितने वृक्ष काटे जाएं, उनसे अधिक संख्या में पौधरोपण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तरदायित्व तय करते हुए कहा कि जिलाधिकारी साप्ताहिक और मुख्य सचिव पाक्षिक स्तर पर कार्यों की गहन समीक्षा करेंगे। किसी भी स्तर पर लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NHAI और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सड़क परियोजनाएं बिना किसी अनावश्यक विलंब के पूरी हों। उन्होंने इन परियोजनाओं को प्रदेश के आर्थिक विकास और औद्योगिक विस्तार की मजबूत आधारशिला बताया।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया जाए। किसी भी प्रकार के बिचौलियों का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *