पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद में विशेष पुनरीक्षण अभियान: सभी बूथों पर मतदाता सूची का पाठ, नागरिकों से नाम सत्यापन की अपील
फिरोजाबाद।
निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद फिरोजाबाद में सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा मतदाता सूची एवं ड्राफ्ट रोल का सार्वजनिक रूप से पाठ कर सुनाया गया। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाताओं को अपने नाम की पुष्टि करने तथा त्रुटियों के सुधार का अवसर प्रदान करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रमेश रंजन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए हैं।
फॉर्म-6 : नए मतदाता पंजीकरण हेतु
फॉर्म-7 : नाम कटवाने अथवा आपत्ति दर्ज कराने हेतु
फॉर्म-8 : नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन हेतु
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे अपने निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर निःशुल्क फॉर्म-6 प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म के साथ रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण तथा परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
पूरे अभियान की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा लगातार की जा रही है। इस दौरान अधिकारी बूथों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या सुधार कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि एक त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *