पिंक सिटी टाइम्स

फिरोजाबाद पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी के आवास पर हुआ जोरदार स्वागत
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र प्रताप सिंह लोधी के आवास पर आज केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा का आगमन हुआ। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री बीएल वर्मा ने यहां मीडिया से बातचीत कर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बयान दिए।
राम मंदिर परिसर में नमाज के सवाल पर बोले मंत्री
अयोध्या के राम मंदिर परिसर में एक कश्मीरी नागरिक द्वारा नमाज पढ़ने के सवाल पर बीएल वर्मा ने कहा—
“प्रदेश में 2017 से योगी आदित्यनाथ जी की सरकार है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त है। ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।”
ममता बनर्जी और ईडी विवाद पर तीखा हमला
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और ईडी के बीच चल रही तकरार पर मंत्री ने कहा—
“ममता बनर्जी की बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। चुनाव नजदीक हैं और उनकी कुर्सी खिसकती नजर आ रही है। स्वतंत्र एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। भ्रष्टाचार की परतें खुलने के डर से वे अनर्गल बयानबाजी कर रही हैं।”
फर्जी वोट बढ़ाने के आरोपों पर जवाब
समाजवादी पार्टी द्वारा फर्जी वोट बढ़ाने को लेकर एफआईआर प्रारूप तैयार करने के सवाल पर बीएल वर्मा ने कहा—
“एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) कोई नई प्रक्रिया नहीं है। हमारे कार्यकाल में यह दूसरी बार हो रहा है और इससे पहले कांग्रेस सरकार में सात बार हो चुका है। इसका उद्देश्य सिर्फ मतदाता सूची को शुद्ध करना है।”
प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस कार्यक्रम पर तंज
2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर पूछे गए सवाल पर मंत्री बोले—
“देश की जनता कांग्रेस मुक्त भारत चाहती है। कांग्रेस हर चुनाव में गठबंधन करती है लेकिन कुछ कर नहीं पाती। इनका कुछ होने वाला नहीं है।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *