तीन दिन से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में दहशत।
फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीते तीन दिनों से लापता 26 वर्षीय युवक की सिर कटी, नग्न अवस्था में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है
युवक का शव गांव जाखई के खेतों के बीच स्थित एक ट्यूबवेल की कोठरी से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने जब ट्यूबवेल के पास दुर्गंध महसूस की तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कोठरी खोली तो वहां युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला, जबकि सिर गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सिर न मिलने से पहचान और जांच में कठिनाई आ रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में सिर की तलाश कर रही है और लापता युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक किन हालात में लापता हुआ था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस नृशंस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।