विजिलेंस टीम ने 10 हजार की रिश्वत लेते लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ा
कुराबंदी के नाम पर मांगे थे 20 हजार, पहली किस्त लेते ही हुई गिरफ्तारी
फिरोजाबाद तहसील जसराना के एका थाना क्षेत्र में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) आगरा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय लेखपाल रविंद्र कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लेखपाल पर जमीन की कुराबंदी के बदले एक किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, राजपुर निवासी ग्रामीण सूबेदार ने विजिलेंस टीम आगरा को शिकायत दी थी कि उसकी जमीन की कुराबंदी का मामला एसडीएम जसराना के न्यायालय में लंबित है। आरोप है कि लेखपाल रविंद्र कुमार ने उक्त कार्य को कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए योजना बनाई। शनिवार को लेखपाल ने सूबेदार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये देने के लिए एका कस्बा स्थित एक किराए के गेस्ट हाउस के कमरे में बुलाया। बताया गया कि इसी कमरे में लेखपाल ने अपना अस्थायी कार्यालय बना रखा था।
विजिलेंस टीम ने पहले से नोटों की संख्या दर्ज कर उन पर केमिकल लगाया और सादे कपड़ों में टीम के सदस्य गेस्ट हाउस के आसपास तैनात हो गए। जैसे ही लेखपाल ने 10 हजार रुपये की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।