जिलाधिकारी ने कान्हा गौशाला का किया औचक निरीक्षण, शीतलहर से बचाव के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
शिकोहाबाद/मक्खनपुर। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ नगर पंचायत मक्खनपुर के ग्राम जरौली स्थित कान्हा गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंश के रखरखाव, चारे की उपलब्धता और शीतलहर से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर पंचायत के अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि गौवंशों को ठंड से बचाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरी तरह दुरुस्त रहें। निरीक्षण के दौरान गौशाला में गोवंश के बैठने के लिए पुआल, तथा ठंडी हवाओं से बचाव के लिए शेड, तिरपाल और मोटे पर्दे लगे पाए गए।
गौशाला में 205 गोवंश संरक्षित
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि गौशाला में कुल 205 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 83 नर और 122 मादा शामिल हैं। जिलाधिकारी ने पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी पशुओं की टैगिंग शत-प्रतिशत पूर्ण रखी जाए। उन्होंने रजिस्टर में टैगिंग नंबर मिलान कर पशुओं की सही गणना और पहचान की भी जांच की।
चारे के स्टॉक पर जताई संतुष्टि
जिलाधिकारी ने गौशाला में हरे चारे और भूसे के भंडारण की भी जांच की और उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही निर्देश दिया कि भूसे का पर्याप्त स्टॉक लगातार बना रहे, ताकि किसी भी स्थिति में कमी न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चारे की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
स्वच्छता और स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर
जिलाधिकारी ने परिसर की साफ–सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पशु चिकित्सक नियमित रूप से गौशाला पहुंचकर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण करते रहें।
इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमेश गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।