रेलवे लाइन के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, इलाज के दौरान हुई मौत
शिकोहाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव गलामई के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव पड़ा मिलने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह ग्रामीण शौच के लिए गए तो रेलवे लाइन के किनारे युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देख हैरान रह गए। इसके बाद तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई और युवक को इलाज के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दाता राम (28 वर्ष) पुत्र मंशीलाल निवासी राजौरा थाना नसीरपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दाताराम काफी समय से बीमार चल रहा था। बताया गया कि रात में वह बिना चप्पल पहने ही घर से चुपचाप निकल गया था। जब परिजनों ने उसे घर पर नहीं देखा तो काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह पुलिस के जरिए जानकारी मिली कि गलामई के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक मिला है।
पुलिस के अनुसार युवक के हाथ पर ‘दाताराम’ नाम खुदा हुआ था, जिसके आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। परिजनों ने बताया कि वह कुछ समय पहले घुनपैठी गांव में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि ठंड लगने के कारण उसकी मौत हुई होगी।
मक्खनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।