पीसीटी
समाचार

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी — तमंचा व कारतूस बरामद
फिरोजाबाद | जसराना
जसराना थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी सहरोज खान के खिलाफ जसराना थाने में मुकदमा संख्या 12/2026 दर्ज किया गया था। उस पर बीएनएस की धारा 64/123/351(2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में भी कार्रवाई चल रही थी। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर कई महीनों तक दुष्कर्म किया और धमकाता रहा।
अभियुक्त की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर रोड से प्रानपुर की ओर जाते मार्ग पर दिखाई दिया है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान सहरोज खान पुत्र फिरोज खान, निवासी निजामपुर, जसराना के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है। वर्ष 2023 में भी उसके खिलाफ मारपीट व धमकी का मामला दर्ज हो चुका है। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण और सीओ जसराना के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुनील कुमार व अचल कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *