फिरोजाबाद: पेट्रोल पंप पर सोते समय दो कर्मचारियों की मौत, जनरेटर से दम घुटने की आशंका
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र स्थित गिर्राज फिलिंग पंप पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां पंप पर कार्यरत दो कर्मचारियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों कर्मचारी रात में काम खत्म करने के बाद पंप परिसर में ही सो रहे थे। सुबह जब वे नहीं जागे, तो साथ काम करने वालों ने पुलिस को सूचना दी।
मृत कर्मचारियों की पहचान इटावा जनपद के बेतपुरा थाना क्षेत्र के रूपपुरा गांव निवासी सागर (26 वर्ष), पुत्र जड़ेंल सिंह और मोहित (27 वर्ष), पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है। दोनों युवक काफी समय से गिर्राज फिलिंग पंप पर काम कर रहे थे।
सूचना मिलते ही नारखी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जिस कमरे में दोनों सोए हुए थे, वहीं रातभर जनरेटर चल रहा था। शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई गई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार गिरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। घटना की खबर मिलते ही दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Oplus_16908288