फतेहपुर: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत
फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र के बारा-मऊदेव रोड पर तेज रफ्तार पिकअप ने एक वृद्ध महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक महिला की पहचान कुशमा देवी (लगभग 65 वर्ष), पत्नी सरजू प्रसाद, निवासी बारा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुशमा देवी अपने पति के लिए खाना लेकर नलकूप की ओर जा रही थीं, तभी सामने से आ रही दुग्ध कलेक्शन पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पत्नी की मौत की खबर मिलते ही वृद्ध पति रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे और बच्चों के आने का इंतजार करते रहे। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना के बाद पिकअप चालक घटनास्थल से तेज रफ्तार में भाग निकला। लोगों का कहना है कि चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी।
Oplus_16908288