फिरोजाबाद न्यूज | शिकोहाबाद में गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों व माता गुजरी कौर के शहीदी दिवस पर निकाली गई भव्य प्रभात फेरी
फिरोजाबाद। गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों और माता गुजरी कौर के शहीदी दिवस पर शिकोहाबाद नगर में रविवार सुबह एक भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। सिख समाज के तत्वावधान में निकाली गई यह प्रभात फेरी कटरा बाजार स्थित गुरुद्वारे से शुरू होकर पक्का तालाब, तहसील तिराहा, नारायण होटल और स्टेट बैंक होते हुए बड़े बाजार स्थित गुरुद्वारे पर आकर संपन्न हुई।
प्रभात फेरी के दौरान पूरे नगर का माहौल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया। गुरबाणी की मधुर धुनों से गलियां गूंज उठीं और बड़ी संख्या में पुरुषों व महिलाओं ने शामिल होकर साहिबजादों के बलिदान को नमन किया।
वक्ताओं ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह के बड़े साहिबजादे अजीत सिंह और जुझार सिंह ने चमकौर साहिब की लड़ाई में वीरगति पाई, जबकि छोटे साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह को सरहिंद के सूबेदार वजीर खान ने दीवार में चुनवाकर शहीद करा दिया। माता गुजरी कौर ने भी अटूट आस्था और साहस का परिचय दिया।
श्रद्धालुओं ने कीर्तन करते हुए साहिबजादों और माता गुजरी कौर के महान बलिदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।