पिंक सिटी टाइम्स

करहल में शोक सभा में पहुंचे शिवपाल यादव, भाजपा सरकार पर जमकर बरसे
करहल (मैनपुरी)।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव करहल क्षेत्र के ग्राम चमनपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने सपा के सक्रिय कार्यकर्ता विमल यादव की दादी के निधन पर आयोजित शोक सभा में शिरकत की। शिवपाल यादव ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
शोक सभा के बाद मीडिया से बातचीत में शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लेखपाल भर्ती में ओबीसी आरक्षण को लेकर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लगातार आरक्षण नियमों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी भर्तियों में बार-बार अनियमितताएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार जवाबदेही से बच रही है।
शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सिर्फ कागजों में आरक्षण दिखा रही है, जबकि हकीकत में पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को “बेईमान सरकार” बताते हुए कहा कि यह सरकार जनता को गुमराह कर रही है।
टीएमसी विधायक मदन मित्रा के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा और उससे जुड़े नेता लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति समाज को बांटने और लोगों को उलझाने पर टिकी हुई है।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब भाजपा की नीतियों से परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि समाजवादी पार्टी हर वर्ग की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
बाइट – शिवपाल सिंह यादव
राष्ट्रीय महासचिव, समाजवादी पार्टी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *