उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर कड़ा एक्शन, दो खाद विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द
फिरोजाबाद। जनपद में किसानों को निर्धारित व्यवस्था के तहत उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर निगरानी के लिए 50 कर्मचारी और 6 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद मिल सके।
इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने जसराना और सिरसागंज क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जसराना स्थित बालाजी खाद बीज भंडार पर एक किसान को POS मशीन के माध्यम से 40 बोरी यूरिया बेचे जाने की पुष्टि हुई, लेकिन विक्रेता किसान से संबंधित भूमि विवरण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसी तरह अभिषेक खाद एवं बीज भंडार द्वारा 46 बोरी यूरिया की बिक्री दर्ज मिली, परंतु वहां भी किसान के भूमि अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए जिला कृषि अधिकारी ने दोनों विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, सिरसागंज स्थित त्रिमूर्ति खाद भंडार में स्टॉक पंजिका अधूरी पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
किसानों को यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी तरह की समस्या होने पर किसान 9084557126 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के विकल्प अपनाने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए। साथ ही विक्रेताओं को चेतावनी दी गई कि उर्वरक निर्धारित दर पर ही बेचें, स्टॉक रेट बोर्ड व विक्रय पंजिका अद्यतन रखें और POS मशीन के जरिए 100 प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। निर्देशों की अनदेखी करने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।