Pink City Times

ऑपरेशन जागृति फेस–5: राजकीय हाई स्कूल दबरई में छात्रों को मिला कानून, संस्कार और सुरक्षा का संदेश

फिरोजाबाद।
ऑपरेशन जागृति फेस–5 के तहत राजकीय हाई स्कूल दबरई में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सामाजिक, मानसिक और कानूनी रूप से जागरूक कर सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। छात्र–छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की और अपने प्रश्न रखे, जिनका अधिकारियों व वक्ताओं ने सरल भाषा में समाधान किया।

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि वर्तमान समय में भावनात्मक निर्णय युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। विशेषकर प्रेम प्रसंग से जुड़े मामलों में जल्दबाज़ी गंभीर परिणाम ला सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में घर छोड़ना समाधान नहीं है। समस्या आने पर परिजन, शिक्षक या पुलिस से संवाद करें—पुलिस युवाओं की सुरक्षा, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।

सामाजिक कार्यकर्ता कल्पना राजौरिया ने बताया कि ऑपरेशन जागृति फेस–5 का प्रमुख फोकस प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले जाने की बढ़ती घटनाओं पर है। भावनात्मक आवेग में लिया गया निर्णय जीवन की दिशा बदल सकता है। उन्होंने आत्मसंयम, संवाद और धैर्य का महत्व समझाते हुए छात्राओं से विशेष सतर्कता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान केवल एक विषय तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके अंतर्गत साइबर अपराध से बचाव, नशे से दूरी, महिला सुरक्षा, बाल अपराधों की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन और कानून के प्रति सम्मान जैसे विषयों पर भी निरंतर जागरूकता दी जा रही है। कानून युवाओं का शत्रु नहीं, उनकी सुरक्षा का मजबूत आधार है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य यतेंद्र यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे वे समाज और कानून को समझकर जीवन के कठिन निर्णयों में सही मार्ग चुन सकें।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, पुलिस विभाग से निधि, रुचिका, कामना, कोमल, प्रिंस चौधरी, शमशाद खान, तथा शिक्षक प्रीती, पूनम, दिग्विजय सहित अन्य उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *