फिरोजाबाद वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने रोका जुलूस
फिरोजाबाद में वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय पर उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर, गद्दी छोड़ो” जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के घेराव के लिए जुलूस के रूप में निकले। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को सीधे तौर पर निशाने पर लिया।
जैसे ही जुलूस आगे बढ़ा, थाना रसूलपुर प्रभारी प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन कुछ दूरी पर रस्सी लगाकर जुलूस को रोक दिया गया। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता वापस कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी जारी रखी।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। फिलहाल हालात शांतिपूर्ण बताए जा रहे हैं और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।