77वां गणतंत्र दिवस जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने किया ध्वजारोहण, दिलाई संविधान की शपथ
फिरोजाबाद।
77वें गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे जनपद में उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी गणतंत्र बनने की खुशी में आनंदित नजर आए।
मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी रमेश रंजन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अरविंद द्विवेदी (न्यायिक) तथा मोहनलाल गुप्ता (नमामि गंगे) सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के उपरांत जिलाधिकारी ने सामूहिक राष्ट्रगान कराया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने समस्त जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, जो अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर संविधान में आवश्यक संशोधन कर देश को नई चुनौतियों के अनुरूप आगे बढ़ाया गया है।
युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से जिले व देश की प्रगति में योगदान दें, क्योंकि आज हम केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि 2047 के समृद्ध भारत की नींव रख रहे हैं। उन्होंने बेटियों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उन्हें नेतृत्वकर्ता की भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से विकास के महाअभियान में सहभागिता निभाने की अपील की, जिससे सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अरविंद द्विवेदी और मोहनलाल गुप्ता ने भी जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया, जिनमें जया देवी प्रमुख रूप से सम्मानित रहीं।