पिंक सिटी टाइम्स

77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस फिरोजाबाद में भव्यता के साथ मनाया गया
फिरोजाबाद | 24 जनवरी | सू0वि0
जनपद फिरोजाबाद में 77वां उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और कला का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर की गई।
उद्यान विभाग के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने अवलोकन किया। पर्यटन एवं उद्योग विभाग द्वारा जनपद की औद्योगिक प्रगति और पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया, वहीं एनआरएलएम और मिशन शक्ति स्टॉल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की झलक दिखाई गई। कृषि विभाग द्वारा आधुनिक तकनीकों एवं उपलब्धियों से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
“युवा अब जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर बन रहे हैं” – राकेश गर्ग
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड, कानपुर ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था के कारण भयमुक्त समाज का निर्माण संभव हुआ है, जो निवेश और विकास के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्युत क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार हुए हैं और अब 22 से 23 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। रोड कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे प्रदेश की प्रगति को नई गति मिली है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 52 हजार से बढ़कर एक लाख रुपये से अधिक हो गई है। पर्यटन क्षेत्र, विशेषकर ग्रामीण और धार्मिक पर्यटन में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं।
राकेश गर्ग ने कहा — “सरकार की प्रभावी उद्यमी नीतियों के कारण युवा आज जॉब सीकर के बजाय जॉब प्रोवाइडर बन रहे हैं।”
अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें, तभी सशक्त प्रदेश और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है।
“जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य” – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जनपदवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जनपद में कृषि, उद्योग और एनआरएलएम के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। सड़क, बिजली और सुरक्षा के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक सुधारों को स्थानीय स्तर पर और मजबूत किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश बन रहा है उत्तम प्रदेश – मेयर
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब वास्तव में उत्तम प्रदेश की ओर अग्रसर है। भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं गौ सेवा आयोग सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जनपद की विकास यात्रा की प्रस्तुति
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने जनपद की विकास उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि जलभराव से प्रभावित 1800 सड़कों में से 1200 सड़कों का सुधार कराया गया है। सिरसा नदी का पुनरोद्धार, 250 ग्रामीण पुस्तकालयों का निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं में 100 से अधिक बच्चों का चयन जनपद की बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण लखनऊ से देखा गया।
प्रतिभावान नागरिक हुए सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में —
खेल क्षेत्र: इशिता शर्मा
शिक्षा: मनीष शर्मा
तकनीकी एवं परंपरागत कृषि: लोकेश कुमार
प्राकृतिक खेती: सचिन कुमार
मधुमक्खी पालन: रिंकी देवी
उद्यान: राकेश
उद्योग: मुकेश बंसल, हेमंत अग्रवाल, बिन्नी मित्तल, राजीव अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, हनुमान प्रसाद गर्ग, सिंह राज, राजन सिंह, प्रतीक शर्मा
मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त ग्राम पंचायत प्रधान एवं सचिव: सोनी देवी, पुष्पेंद्र कुमार
उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम में विधायक टूंडला प्रेमपाल धनगर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, उपाध्यक्ष लघु उद्योग मनीष अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मीनारायण यादव, संध्या राजपूत, चेयरमैन मक्खनपुर, सिरसागंज, फरिहा, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विशु राजा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *