पीसीटी
समाचार




हरियाणा में पहचान छिपाकर रह रहा था आरोपी, असुआ तिराहे से दबोचा गया
फिरोजाबाद।
जनपद में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिकोहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने 17 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शातिर डकैत को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुन्ना उर्फ राजू पुत्र रसूलबक्श उर्फ फुरकान पठानी निवासी दरी मोहल्ला, कोतवाली इटावा के रूप में हुई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने सटीक सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपी को पुराना इटावा रोड स्थित असुआ तिराहे के पास से दबोच लिया। बताया जा रहा है कि अभियुक्त पिछले करीब 17 सालों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और हरियाणा के फरीदाबाद में ‘राजू’ नाम से अपनी पहचान छिपाकर बिजली मिस्त्री का काम कर रहा था।
मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को आरोपी शिकोहाबाद क्षेत्र में अपने एक परिचित से मिलने आया था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
2009 की डकैती का मुख्य आरोपी
गौरतलब है कि 20 फरवरी 2009 को शिकोहाबाद के बड़ा बाजार निवासी भगवान दास के घर में घुसकर हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और लाइसेंसी डीवीवीएल गन लूट ली गई थी। इस मामले में थाना शिकोहाबाद में धारा 395, 397 और 412 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस डकैती कांड में पुलिस पहले ही आरोपी के 8 साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके कब्जे से करीब 2.20 लाख रुपये नकद व लूटी गई गन बरामद की जा चुकी है।
लंबे समय से था फरार
मुख्य आरोपी मुन्ना उर्फ राजू घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुराना मामला सुलझा
अब इस शातिर डकैत की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने 17 साल पुराने चर्चित डकैती कांड का पूरी तरह खुलासा कर दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *