पीसीटी
समाचार

होली, रमजान व ईद को लेकर फिरोजाबाद में पीस कमेटी बैठक, सौहार्द बनाए रखने का संकल्प
फिरोजाबाद। आगामी त्यौहार होली, रमजान और ईद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रमेश रंजन ने की, जबकि सौरभ दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में सभी धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि यदि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकसित भारत की नींव रख सकता है। सभी को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। यदि कहीं भी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। धर्मगुरुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे समाज के सबसे बड़े स्वयंसेवक हैं और उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक पोस्ट पर ध्यान न दें और यदि सार्वजनिक स्थानों पर कोई अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि सभी त्यौहार हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाए जाएं।
बैठक के दौरान धर्मगुरुओं ने बिजली, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और आम जनमानस की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामबदन राम, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *