हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली — तमंचा और कारतूस बरामद
फिरोजाबाद। नसीरपुर थाना पुलिस ने 29/30 दिसंबर 2025 को हुए हत्या कांड के मुख्य आरोपी अरुण उर्फ मिर्ची को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
भूमि विवाद में हुई थी सत्यभान की हत्या
जानकारी के मुताबिक, 29 दिसंबर को ग्राम नंदराम की मड़ैया में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई थी, जिसमें गोली लगने से सत्यभान की मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़ित पक्ष के चंद्रपाल यादव की तहरीर पर नसीरपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गईं, जो आरोपी की तलाश में जुटी थीं।
अंडरपास के पास मिली आरोपी की लोकेशन
5 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अरुण उर्फ मिर्ची फतेहपुर कर्खा अंडरपास, नसीरपुर लिंक रोड के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध तमंचा बरामद
गिरफ्तारी के बाद तलाशी में आरोपी के पास से
- 315 बोर का अवैध तमंचा
- एक खोखा कारतूस
- और एक जिंदा कारतूस
बरामद हुए। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल भेजा गया है।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार अरुण उर्फ मिर्ची के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी ग्राम नंदराम की मड़ैया निवासी सूरतराम का बेटा है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, एएसआई जितेंद्रपाल राजौरिया, हेड कांस्टेबल उपेंद्र कुमार, जयनारायण सिंह, तथा कांस्टेबल अर्चित तोमर और अरुण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।