पीसीटी
समाचार

सिरसागंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 35 में से 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश—जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
फिरोजाबाद, 7 फरवरी।
तहसील सिरसागंज में जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, जल निगम और पंचायती राज विभाग से जुड़े कुल 35 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान गुणवत्ता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान प्रेमचंद नामक प्रार्थी ने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नीरज कुमार ने चारागाह भूमि से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत रखी, जिस पर उपजिलाधिकारी सिरसागंज को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसी क्रम में परवीन नामक महिला ने राशन कार्ड से परिवार के सदस्यों के नाम कटने की शिकायत की, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिरसागंज, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *