एक्सप्रेस-वे के पास 500 से 1000 हेक्टेयर भूमि चिन्हित करने की तैयारी, स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश बढ़ाने का लक्ष्य
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश को इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेज हो गया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ तहसील सिरसागंज क्षेत्र के विभिन्न गांवों का सघन दौरा कर संभावित भूमि का निरीक्षण किया।
यूपीडा द्वारा चिन्हित एकीकृत विनिर्माण एवं रसद क्लस्टर (Integrated Manufacturing and Logistics Cluster) के विस्तार के लिए एक्सप्रेस-वे के आसपास अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। शासन ने औद्योगिक गलियारे के विकास के लिए लगभग 500 से 1000 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि चिन्हित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी ने अपनी टीम के साथ सिरसागंज के दो प्रमुख ब्लॉकों मदनपुर और अरांव के कई गांवों का निरीक्षण किया और वहां की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक मदनपुर के ग्राम एलमपुर, गनपतपुर, कोरारी खेड़ा, परियर भदान और खेड़ा खुर्द तथा ब्लॉक अरांव के ग्राम फखरपुर, करीखेड़ा और शाहजादपुर का दौरा किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सिरसागंज को निर्देश दिए कि चिन्हित गांवों के सर्किल रेट का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। साथ ही राजस्व मानचित्र पर प्रस्तावित भूमि की स्पष्ट बाहरी सीमा दर्शाते हुए विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र शासन को भेजी जाए, ताकि समयबद्ध तरीके से प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का उद्देश्य एक्सप्रेस-वे के आसपास औद्योगीकरण को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि का चयन यूपीडा के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भूमि एक्सप्रेस-वे या राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट हो, क्षेत्र में जलभराव की समस्या न हो तथा चयनित भूमि पर घनी आबादी या बड़ी हाईटेंशन लाइन मौजूद न हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिरसागंज सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
सिरसागंज क्षेत्र में औद्योगिक क्लस्टर के लिए भूमि की तलाश तेज, जिलाधिकारी ने किया गांवों का निरीक्षण