सिटी मजिस्ट्रेट का औचक निरीक्षण, कृषि उत्पादन मंडी में जलनिकासी व सफाई सुधार के निर्देश
फिरोज़ाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति फिरोज़ाबाद में व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे ने मंडी का औचक निरीक्षण कर साफ-सफाई, जलनिकासी और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
व्यापारियों ने मंडी परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए बताया कि लंबे समय से टैंक भरा हुआ है, जिसमें मलबा और कीचड़ जमा है। हाथों से सफाई संभव न होने के कारण मशीनों के माध्यम से सफाई कराए जाने की मांग व्यापारियों ने लिखित रूप में रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मशीनों से टैंक की सफाई कराने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी में स्वच्छता और सुचारु जलनिकासी से व्यापारियों के साथ-साथ आमजन को भी राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव अभिषेक कुमार भी मौजूद रहे। इस मौके पर संतोष गुप्ता, रिंकू गुप्ता, किशन मुरारी गुप्ता, सतीश चंद्र गुप्ता, अमरीश गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, विनोद बाबू गुप्ता, सुनील पगोरिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। वहीं गल्ला चालान डाल व्यापार समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गौतम, महामंत्री वेद प्रकाश गुप्ता और कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता भी निरीक्षण के समय मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा दिए गए त्वरित निर्देशों पर संतोष जताया और जल्द समस्या के समाधान की उम्मीद व्यक्त की।