पीसीटी
समाचार

सात समुन्दर पार से आया जर्मन दूल्हा, शिकोहाबाद में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी
फिरोजाबाद (Pink City Times)। जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र में एक अनोखा और अंतरराष्ट्रीय विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। जर्मनी से आए दूल्हे गुस्ताव ने भारतीय युवती खुशी के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज और विधि-विधान से सात फेरे लेकर विवाह किया। इस खास शादी के गवाह सैकड़ों स्थानीय लोग और विदेश से आए मेहमान बने।
जयपुर में हुई थी पहली मुलाकात
परिजनों के अनुसार, खुशी जयपुर में एक जर्मन कंपनी में कार्यरत हैं। वर्ष 2023 में गुस्ताव भारत घूमने आए थे। उन्होंने राजस्थान, दिल्ली और आगरा की यात्रा की। जयपुर के एक होटल में ठहरने के दौरान स्विमिंग पूल पर दोनों की पहली मुलाकात हुई। मुलाकात दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
भारतीय परिधान में सजे दूल्हा-दुल्हन
शादी समारोह में गुस्ताव पारंपरिक शेरवानी और साफा पहने नजर आए। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने हाथों में पत्नी के नाम की मेहंदी भी रचाई। वहीं दुल्हन खुशी लाल जोड़े में बेहद आकर्षक दिखाई दीं। विवाह की सभी रस्में भारतीय परंपरा के अनुसार संपन्न कराई गईं, जिनमें वरमाला, सात फेरे और विदाई प्रमुख रहीं।
विदेशी मेहमानों ने उठाया भारतीय संस्कृति का आनंद
शादी में जर्मनी सहित अन्य देशों से आए मेहमानों ने भारतीय रीति-रिवाजों को बड़े उत्साह से देखा और उनमें सहभागिता भी की। भाषा की बाधा दूर करने के लिए चार ट्रांसलेटर की व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी मेहमान रस्मों को समझ सकें और समारोह का आनंद ले सकें।
शिकोहाबाद की मेहमाननवाजी से प्रभावित दूल्हा
गुस्ताव ने भारत और खासकर शिकोहाबाद के बारे में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। यहां हर शहर और हर व्यक्ति की अपनी अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि अधिकांश लोगों ने उनके और उनके परिवार का बेहद आत्मीय स्वागत किया। शिकोहाबाद को उन्होंने “बहुत ही प्यारा शहर” बताया।
बना आकर्षण का केंद्र
यह अंतरराष्ट्रीय विवाह पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के साथ खुशियों के पल साझा किए और इस अनोखे मिलन को यादगार बना दिया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *