समाजवादी पार्टी कार्यालय पर कर्पूरी ठाकुर की 37वीं पुण्यतिथि मनाई गई
फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रखर समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर की 37वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी की पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन देवी सविता ने की, जबकि संचालन मुकेश कुमार टीटू ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीम भाई ने अपने संबोधन में कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने बिहार में मंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1970 में वे बिहार के पहले गैर-कांग्रेसी समाजवादी मुख्यमंत्री बने। उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार में शराबबंदी लागू की और पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया। उनके प्रयासों से कई स्कूल और कॉलेज स्थापित किए गए, जिससे शिक्षा को बढ़ावा मिला।
समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार राठौर ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर को समाज सेवा, शिक्षा और वंचित वर्गों के उत्थान के कार्यों में विशेष रुचि थी। वे सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे। उन्होंने बताया कि जब उनके पुत्र रामनाथ ठाकुर ने राजनीति में कदम रखा तो कर्पूरी ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी उनके बेटे को सरकारी सुविधा या गाड़ी उपलब्ध न कराए, ताकि वह अपने बलबूते आगे बढ़ें। स्वयं कर्पूरी ठाकुर भी निजी कार्यों के लिए सरकारी वाहन का उपयोग नहीं करते थे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों पर चलने और सामाजिक न्याय की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में कमलेश यादव, आदर्श यादव, धन्नू चरण सिंह, शम्मी कपूर, देव राजपूत, रुमा यादव, रघुराज सिंह सविता, नीरज यादव, लोकेंद्र गुर्जर, रामवीर सिंह धनगर, खुर्शीद आलम, देव, डॉ. उस्मान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।