समाजवादी पार्टी कार्यालय में नेताओं-कार्यकर्ताओं का जुटान, अखिलेश यादव ने दी नए साल की शुभकामनाएं
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग पर नए साल के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जुटे। सभी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और पुष्पगुच्छ भेंट किए।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद, धान खरीद और अन्य सरकारी व्यवस्थाओं में अव्यवस्था व दलाली बढ़ी है, जबकि किसान और दुग्ध उत्पादक उचित मूल्य से वंचित हैं।
यादव ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियां बताने और आपसी एकजुटता के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है और आने वाले समय में जनता को गुमराह करने के नए तरीके अपनाएगी, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा।
अखिलेश यादव ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों, युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, विधायक फरीद किदवई और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।