पिंक सिटी टाइम्स

शिकोहाबाद तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रमेश रंजन ने की, जबकि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य भी मौजूद रहे।
समाधान दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व, कानून व्यवस्था, पेंशन, पूर्ति विभाग, नगर पालिका और भूमि कब्जे से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में नगला झील शोभापुर, शिकोहाबाद निवासी देवेंद्र कुमार ने अधूरे पड़े चकरोड को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि चकरोड अधूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद को स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं सुदामापुरी निवासी विनोद कुमार ने संयुक्त चिकित्सालय में महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति और डिजिटल एक्स-रे मशीन के लंबे समय से खराब पड़े होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *