पिंक सिटी टाइम्स

विकास भवन में 22 फरवरी को वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा कैम्प
एक ही स्थान पर मिलेगा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद फिरोजाबाद में 22 फरवरी को दबरई स्थित सिविल लाइन के विकास भवन में वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सी.डी.) सुश्री योगेश शिवा ने ए.डी.आर. भवन, जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेगा कैम्प का मुख्य उद्देश्य जनपद के वृद्धजनों तथा आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
मेगा कैम्प में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाओं सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ-साथ शिविर में आम नागरिकों को विधिक साक्षरता प्रदान करते हुए उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) को निर्देशित किया गया है कि वे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को मेगा कैम्प के प्रति जागरूक करें, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *