पिंक सिटी टाइम्स

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज में सशक्तिकरण की अनूठी पहल
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (मिशन शक्ति) द्वारा मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बाल अधिकारों को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति की अधिकारी अनम आकाशा एवं अकाउंट असिस्टेंट मोहिनी शर्मा के नेतृत्व में पोस्टर मेकिंग, सिलाई प्रतियोगिता और ग्लास पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से “बेटी किसी से कम नहीं”, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी सशक्तिकरण जैसे संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में हैंडमेड फूड प्रोडक्ट्स (जैम, जेली, अचार, चिप्स), हैंडीक्राफ्ट, कढ़ाई-बुनाई, सिलाई एवं आर्ट-क्राफ्ट वर्कशॉप की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहां छात्राओं ने अपने हुनर का जीवंत प्रदर्शन किया।
अकाउंट असिस्टेंट मोहिनी शर्मा ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी।
मिशन शक्ति अधिकारी अनम आकाशा ने कहा कि,
“बालिकाओं को केवल हुनर सीखकर रुकना नहीं है, बल्कि उसे निरंतर निखारकर रोजगार से जोड़ना है। जब बालिकाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और अपने कौशल को दूसरों तक पहुंचाएंगी, तभी सच्चे अर्थों में नारी सशक्तिकरण साकार होगा।”
कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्रालय भारत सरकार से ग्लास उद्योग की जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. ज्योति ने छात्राओं को ग्लास पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया। उनके साथ सब-ऑर्डिनेट हेमलता ने ग्लास पेंटिंग की विभिन्न तकनीकों और इससे रोजगार के अवसरों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मंच पर आकर अपने पोस्टरों की व्याख्या करते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शाहिना सहित समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *