पिंक सिटी टाइम्स

राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार सूची से नाम हटाए जाने पर अखिलेश यादव से मिले अवधेश साहू, सपा अध्यक्ष ने दिया सम्मान
लखनऊ | 12 जनवरी 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय विवेकानंद युवा पुरस्कार के लिए चयनित लखनऊ निवासी अवधेश कुमार साहू का नाम अंतिम समय में सूची से हटाए जाने का मामला अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। पुरस्कार से वंचित किए जाने की पीड़ा लेकर श्री साहू ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और पूरी घटना की जानकारी दी।
श्री साहू को राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाना तय था। इसके लिए उन्हें आधिकारिक रूप से आमंत्रण भी भेजा गया था, लेकिन कार्यक्रम से ठीक पहले कथित ऊपरी दबाव के चलते पुरस्कार सूची में बदलाव कर उनका नाम हटा दिया गया।
अखिलेश यादव ने श्री साहू की आपबीती सुनने के बाद इस निर्णय को युवाओं के साथ अन्याय करार दिया। उन्होंने अवधेश कुमार साहू को 51 हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि युवाओं का मनोबल तोड़ने वाली ऐसी कार्यवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और अवसरों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने पुरस्कार सूची में हुए फेरबदल की कड़ी निंदा की।
इस अवसर पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष अवनीश यादव, विशाल कुमार गुप्ता, राम प्रकाश मौर्य, सुधीर यादव और सूरज सहित कई युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *