पिंक सिटी टाइम्स

योगी सरकार बनी निराश्रित महिला की ढाल, झुग्गी का दर्द पीछे छोड़ पक्के घर में पहुंची माया देवी
फिरोजाबाद।
उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां जब जमीन पर उतरती हैं, तो वे सिर्फ योजनाएं नहीं रहतीं, बल्कि किसी के जीवन की दिशा बदल देती हैं। ऐसा ही बदलाव फिरोजाबाद के शिकोहाबाद विकास खंड की ग्राम पंचायत असुआ में रहने वाली माया देवी के जीवन में देखने को मिला, जिनके लिए मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) मुश्किल समय में मजबूत सहारा साबित हुई।
पति की असमय मौत के बाद माया देवी पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी और सिर पर पक्की छत का न होना उनके लिए सबसे बड़ी चिंता थी। मजबूरी में वह तिरपाल से बनी झुग्गी में जीवन गुजार रही थीं, जहां हर बरसात और हर सर्द रात उनके लिए डर लेकर आती थी।
इसी दौरान योगी सरकार की उस पहल ने उन्हें उम्मीद दी, जिसके तहत विधवा और निराश्रित महिलाओं को आवास योजनाओं में प्राथमिकता दी जाती है। आवेदन के बाद हुए सर्वे में माया देवी पात्र पाई गईं और उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत हुआ। आवास निर्माण के लिए सरकार ने कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि तीन चरणों में सीधे उनके खाते में भेजी, जिससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सका।
सरकार की मदद सिर्फ आवास तक सीमित नहीं रही। माया देवी को मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी के रूप में ₹22,680 भी प्रदान किए गए, जिससे वह आर्थिक रूप से संभल सकीं। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन मिलने से उनके घर की रसोई भी धुएं से मुक्त हो गई।
आज माया देवी का पक्का मकान पूरी तरह तैयार है। वह कहती हैं कि अब बच्चों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित माहौल है और उन्हें मौसम या असुरक्षा का डर नहीं सताता। उनके अनुसार, “सरकार ने हमें सिर्फ घर नहीं दिया, बल्कि सम्मान से जीने का हौसला दिया है।”
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंदों को तेजी से लाभ पहुंचाया जा रहा है। बीते दो वर्षों में फिरोजाबाद जनपद में हजारों परिवारों को पक्की छत मिली है और शेष पात्र लाभार्थियों को भी चरणबद्ध तरीके से योजना से जोड़ा जा रहा है।
माया देवी की कहानी यह साफ करती है कि जब सरकार की नीयत गरीब और कमजोर वर्ग के साथ खड़ी हो, तो हालात चाहे कितने भी कठिन क्यों न हों, रास्ता जरूर निकलता है। योगी सरकार की योजनाएं आज इसी भरोसे का नाम बन चुकी हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *