योगी सरकार का नववर्ष उपहार: फिरोजाबाद में 232 परिवारों को मिला पक्का घर, सर्दी में मिली सुरक्षित छत
फिरोजाबाद | 08 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सबका साथ–सबका विकास’ संकल्प को धरातल पर उतारते हुए फिरोजाबाद जिला प्रशासन ने नववर्ष पर जरूरतमंदों को बड़ी सौगात दी है। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 232 पात्र परिवारों को पक्के मकान के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड के बीच मिली इस राहत से विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और निर्धन परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद फिरोजाबाद में अब तक 1207 से अधिक पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। यह योजना उन लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, जो वर्षों से कच्चे मकानों और असुरक्षित हालात में जीवन गुजारने को मजबूर थे।
वंचितों को मिली प्राथमिकता
विकास खंड नारखी में आयोजित कार्यक्रम में टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख रविता चक ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। वक्ताओं ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना है।
योजना के तहत प्राकृतिक आपदाग्रस्त परिवारों, कुष्ठरोग प्रभावितों, नट-लोहार जैसे घुमंतू समुदायों, दिव्यांगजनों और निराश्रित विधवा महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया गया है। पक्की छत मिलने से न सिर्फ मौसम की मार से सुरक्षा मिलेगी, बल्कि सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।
पारदर्शिता से हुआ चयन
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों का चयन किया गया है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्राथमिकता यह रही कि प्रमाण पत्र शीघ्र वितरित हों, ताकि लाभार्थी जल्द निर्माण कार्य शुरू कर सकें।
खुशी से छलके आंसू
प्रमाण पत्र पाते ही लाभार्थियों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। गढ़ी श्रीराम निवासी विधवा रुचि कुमारी ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद बच्चों के साथ कच्चे छप्पर में रहना बेहद डरावना था। अब पक्का घर बनने की उम्मीद ने नया जीवन दिया है।
वहीं गढ़ी सिरधारी निवासी दिव्यांग भूरी सिंह ने कहा कि वर्षों तक दूसरों पर निर्भर रहने के बाद आज वह खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
आवास के साथ अन्य योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री आवास योजना के साथ लाभार्थियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय और आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। यह समन्वित प्रयास गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की मजबूत पहल को दर्शाता है।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार सुभाष चंद्र, खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।