फिरोजाबाद। थाना नगला सिंगी क्षेत्र के गांव बजेरे से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से बहू की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अनीता देवी पत्नी हरि गोपाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक अनीता देवी की शादी लगभग 5 वर्ष पूर्व हरि गोपाल से हुई थी। इस दंपति के दो छोटी बेटियां हैं — एक की उम्र करीब 4 वर्ष और दूसरी लगभग 2 वर्ष बताई जा रही है। मां की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चियों के सिर से ममता का साया छिन गया है।
परिजनों के अनुसार अनीता देवी की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी में उनके पति की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मुआवजे की एक बड़ी धनराशि मिली थी। यही रकम उनके बैंक खाते में जमा थी।
आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की नजर इस धनराशि पर थी। अनीता देवी पर लगातार पैसे निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। घर में इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि हत्या से दो दिन पहले अनीता देवी के खाते से ₹2 लाख निकाले गए थे। इसके बाद विवाद और बढ़ गया, जो अंततः हिंसा में बदल गया। आरोप है कि ससुराल वालों ने अनीता देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ससुराल पक्ष मौके से फरार हो गया है। गांव में तनाव और सन्नाटे का माहौल है।
मामले की जानकारी मृतका के मौसी के लड़के शिशुपाल ने दी है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मासूम बच्चियों को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
Oplus_16908288