पिंक सिटी टाइम्स

यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बड़ी रफ्तार, सीएम योगी ने निवेशकों को सौंपे भूमि आवंटन पत्र
लखनऊ/ग्रेटर नोएडा।
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विस्तार को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के अंतर्गत कई बड़ी परियोजनाओं को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। इंडिया चिप प्रा.लि., एसेंट सर्किट, अंबर इंटरप्राइजेज और बोधिसत्व चैरिटेबल ट्रस्ट को औद्योगिक इकाइयों एवं मेडिकल कॉलेज स्थापना हेतु भूमि आवंटित की गई।
भूमि आवंटन प्राप्त करने के बाद निवेशकों ने मुख्यमंत्री योगी का आभार जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश के लिए सबसे अनुकूल राज्य बनकर उभरा है। सरकार और प्राधिकरण की ओर से हरसंभव सहयोग मिल रहा है, जिससे परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने उद्यमियों से संवाद में कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने नीति स्थिरता, सुशासन और त्वरित निर्णय प्रणाली के जरिए अभूतपूर्व औद्योगिक परिवर्तन किया है। प्रदेश अब केवल संभावनाओं का नहीं, बल्कि परिणाम देने वाले मॉडल राज्य के रूप में पहचाना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निवेश प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया गया है। निवेशकों की सहायता के लिए प्रदेशभर में 118 ‘उद्यमी मित्र’ कार्य कर रहे हैं, जो परियोजनाओं को जमीन पर उतारने में सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश को ₹45 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से ₹15 लाख करोड़ से अधिक निवेश कार्य रूप में सामने आ चुका है। मजबूत कानून व्यवस्था और बेहतर सुरक्षा माहौल के चलते उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशकों के लिए भरोसेमंद गंतव्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, व्यापक एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और आधुनिक कनेक्टिविटी मौजूद है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे का 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है, जबकि सबसे अधिक मेट्रो शहर भी यहीं संचालित हो रहे हैं। आने वाले समय में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लॉजिस्टिक्स और उद्योग जगत को नई ऊंचाई देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश सेमीकंडक्टर चिप निर्माण में निजी निवेश को प्रोत्साहित कर रहा है। मोबाइल उत्पादन में प्रदेश की 55 प्रतिशत हिस्सेदारी युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा कर रही है।
सीएम योगी ने कहा— “उत्तर प्रदेश में निवेश का यह स्वर्णिम काल है। प्रदेश अब तकनीकी और औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व कर रहा है।”

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *