पीसीटी
समाचार

मोदी–ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
PCT न्यूज़ | फिरोजाबाद | 14 फरवरी 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई कथित ट्रेड डील के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने समझौते की प्रतियां जलाकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
यह प्रदर्शन संजय सिंह के आवाह्न पर आयोजित किया गया। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि यह समझौता देश की संप्रभुता, किसानों और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ है।
“ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील”
जिलाध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ एडवोकेट अमित गर्ग ने कहा कि सरकार ने भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोलकर किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाया है। उनका आरोप था कि नई डील के तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिका 18 प्रतिशत टैक्स लगाएगा, जबकि अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में टैक्स फ्री एंट्री मिलेगी। उन्होंने इसे “ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील” करार दिया।
तेल खरीद को लेकर भी उठाए सवाल
जिलाध्यक्ष शीलेन्द्र वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार ने रूस से सस्ता तेल खरीदने के बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से महंगा तेल खरीदने का फैसला किया है, जिससे देश को आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने दावा किया कि रूस से तेल न खरीदने के फैसले से करोड़ों रुपये की संभावित बचत प्रभावित होगी।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि भारत रूस से तेल खरीदेगा तो अमेरिका द्वारा 25 प्रतिशत टैक्स लगाने की बात कही जा रही है। क्या यह भारत की संप्रभुता से समझौता नहीं है?
पारदर्शिता की मांग
प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार कथित ट्रेड डील की सभी शर्तें सार्वजनिक करे। पार्टी ने ज्ञापन में मांग की कि इस समझौते को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए ताकि किसानों और व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।
इस मौके पर अमित गर्ग, महाराज सिंह, संजेश नारायण शर्मा, रत्नेश यादव, पूनम गौतम, यदुवंश यादव, अर्पित यादव, निर्मल कुमार, सत्यम गौतम, सलमान खान, नदीम सिद्दकी और रहीश अंसारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *